वेनेजुएला की राजधानी काराकस में आज तड़के कई जोरदार धमाके हुए, जिसके बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ऐलान किया कि अमेरिकी स्पेशल फोर्सेज (डेल्टा फोर्स) ने ऑपरेशन ‘एब्सोल्यूट रिजॉल्व’ के तहत राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी सिलिया फ्लोर्स को हिरासत में ले लिया है।
दोनों को अमेरिकी युद्धपोत USS इवो जिमा पर ले जाया गया और अब न्यूयॉर्क में ड्रग तस्करी और नार्को-टेररिज्म के आरोपों में मुकदमा चलेगा।
ट्रंप ने कहा, “यह अमेरिकी सैन्य ताकत का शानदार प्रदर्शन था। हम वेनेजुएला को तब तक चलाएंगे जब तक सुरक्षित ट्रांजिशन नहीं हो जाता।” हमले में 150 से ज्यादा अमेरिकी विमान शामिल थे, जिन्होंने फुएर्ते तिउना मिलिट्री बेस, ला कार्लोटा एयरबेस और ला गुआइरा पोर्ट समेत कई ठिकानों को निशाना बनाया। काराकस में बिजली गुल हो गई और धुएं के गुबार उठते दिखे।
वेनेजुएला सरकार ने राष्ट्रीय आपातकाल घोषित कर दिया और अमेरिका पर “आक्रमण” का आरोप लगाया। उपराष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने मादुरो की रिहाई की मांग की। चीन, रूस और ब्राजील ने अमेरिकी कार्रवाई की निंदा की है।
